ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली चप्पलों का धंधा,तीन दुकानों से 240 जोड़ी बरामद
() रविवार को घुघली क्षेत्र में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली चप्पलों की बिक्री करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ फुटवियर्स लिमिटेड के नियुक्त जांचकर्ता मनीष गुप्ता की शिकायत पर घुघली पुलिस ने तीन दुकानों में छापेमारी कर कुल 240 जोड़ी नकली स्पार्क्स चप्पल बरामद की हैं।

जांचकर्ता को सूचना मिली थी कि घुघली में रिलैक्सो कंपनी के स्पार्क्स ब्रांड की नकली चप्पलों की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए वह घुघली थाने पहुंचे और पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से जांच में शामिल हुए।
दो दुकानों से 96 जोड़ी बरामद
पुलिस टीम जब घुघली रेलवे ढाला के पास रोजई की दुकान पर पहुंची तो वहां स्पार्क ब्रांड की नकली चप्पलें पाई गईं। तलाशी में 48 जोड़ी चप्पल बरामद हुईं। समीप स्थित दुकानदार संतोष मद्धेशिया की दुकान से भी 48 जोड़ी नकली चप्पलें मिलीं।
कफवा मोड़ से 144 जोड़ी चप्पल जब्त
शिकायतकर्ता की सूचना पर कफवा मोड़ स्थित दुकानदार नन्हें सिंह (निवासी जोगिया टोला कफवा) की दुकान और गोदाम की तलाशी ली गई। यहां से 144 जोड़ी नकली स्पार्क्स चप्पल बरामद हुईं। सभी सामानों को गिनती के बाद घुघली थाने लाया गया।
तीनों दुकानदारों पर केस दर्ज
थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी की तहरीर पर तीनों दुकानदारों— रोजई, संतोष मद्धेशिया निवासी रेलवे ढाला, नन्हें सिंह निवासी कफवा के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।