बरवा खुर्द पर टूटा दुखों का पहाड़, कर्नाटक में करंट लगने से दो की मौत
घुघली थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द गांव के दो युवकों की कर्नाटक के मंगलौर में काम के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया है। मृतकों की पहचान विवेक साहनी (21) पुत्र चौथी साहनी और विशाल साहनी (22) पुत्र संतोष साहनी के रूप में हुई है। दोनों लगभग पांच वर्षों से मंगलौर में पेंटिंग का काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही विवेक और विशाल अपने घर बरवा खुर्द से काम पर लौटे थे। सोमवार को पेंटिंग कार्य के दौरान अचानक करंट की चपेट में आने पर दोनों वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं सोमवार देर रात कर्नाटक पुलिस ने फोन कर परिजनों को हादसे की सूचना दी और आगे की औपचारिकताओं के लिए मंगलौर बुलाया। अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से दोनों परिवारों में मातम पसर गया है।
मंगलवार सुबह ही परिजन कर्नाटक के लिए रवाना हो गए। गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने युवकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सरकार से परिवार को उचित सहायता दिए जाने की मांग की है।
