अहिरौली पंचायत में सफाई व्यवस्था चरमराई, गंदगी से बढ़ा बीमारियों का खतरा
कागजों में सफाई, जमीन पर बदहाल हालात

बस्ती। बनकटी ब्लॉक के ग्राम पंचायत अहिरौली में सफाई व्यवस्था बुरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। नालियों में महीनों से जमी गंदगी, जगह-जगह कचरे के ढेर और बजबजाती बदबू से ग्रामीण परेशान हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों को खुद ही सफाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत में तैनात सफाई कर्मी राधिका देवी लंबे समय से मौके पर दिखाई नहीं देतीं, जबकि कागजों में उनकी नियमित उपस्थिति दर्ज बताई जा रही है। इससे पंचायत स्तर पर गंभीर लापरवाही और अनियमितता की आशंका गहरा गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद न तो ग्राम प्रधान और न ही ब्लॉक स्तर के अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई की गई। लोगों का मानना है कि इस पूरे मामले में मिलीभगत के कारण सफाई व्यवस्था को अनदेखी की जा रही है। गांव की गलियों में फैली गंदगी से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। हालांकि इस मामले की जानकारी के लिए जब बनकटी ब्लॉक के बीडीओ भवानी प्रसाद शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने SIR का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ लिया, अब सवाल ये है कि क्या SIR के चक्कर में ग्रामीणों को इस बदबूदार और बजबजाती नालियों के बीच ही रहना पड़ेगा या फिर इनको कोई निजात मिलेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे है।