Uncategorized

घुघली थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी, सीसीटीवी कैमरे तोड़कर नकदी व सामान ले उड़े चोर

जनपद महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर बल्डिंहा मोड़ से पहले स्थित रामबचन के घर में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मकान के पीछे लगे कंटीले तारों को काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

चोरों ने घर का फाटक तोड़कर अंदर घुसने के बाद कमरे में रखी एलईडी टीवी और कीमती कपड़े चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, घर के अन्य कमरों के ताले भी तोड़ दिए गए, जिससे घर में रखे सामान की भी तलाशी ली गई। घटना के बाद घर के लोग सहमे हुए हैं।

सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना घुघली थाना पुलिस को दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button