घुघली के पौहरिया में गन्ने के खेत में शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
ज़ी न्यूज़

महराजगंज,जिले के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पौहरिया में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ने की कटाई के दौरान खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पौहरिया निवासी दिवाकर यादव के गन्ने के खेत में मजदूर कटाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत के अंदर शव दिखाई देने पर मजदूरों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के मुताबिक, खेत में मिला शव करीब 50 वर्ष के अज्ञात व्यक्ति का है। प्रारंभिक जांच में शव लगभग एक माह पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण चेहरे व शरीर के कई हिस्सों से पहचान कर पाना संभव नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है। साथ ही, पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।