Uncategorized

घुघली में बोरे में मिली नवजात बच्ची, समय पर बची जान

ज़ी न्यूज़ घुघली कस्बे में शनिवार सुबह मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जब हट्ठी माता मंदिर के पास स्थित बगीचे में एक बोरे के अंदर नवजात बच्ची मिली। वार्ड नंबर 09 निवासी मनीष ने बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसे बोरे से बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।

मनीष सुबह टहलने निकले थे, तभी मंदिर के पास रखे बोरे से रोने की आवाज आई। बोरा खोलने पर उसमें एक नवजात बच्ची मिली, जो ठंड और भूख से बेहद कमजोर हालत में थी। मनीष बच्ची को तुरंत अपने घर ले गए, जहां उनकी मां फूलमती ने उसे दूध पिलाया और गर्माहट दी।

बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए फूलमती उसे तत्काल घुघुली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचीं। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा। स्थिति नाजुक होने के कारण बच्ची को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

फूलमती ने कानून की अनुमति मिलने पर बच्ची को गोद लेने की इच्छा भी जताई है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि बच्ची को सुरक्षित जिला अस्पताल भेजकर चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और बच्ची को छोड़ने वालों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button