घुघली में DAV नारंग इंटर कॉलेज गेट से BLO की बाइक चोरी, पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज,घुघली नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार को DAV नारंग इंटर कॉलेज गेट से एक BLO की बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के मेदनीपुर नरायन टोला निवासी रविन्द्र प्रसाद पुत्र राम अवतार प्रसाद, जो कि BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) हैं, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित निर्वाचन नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत दिनांक 11 जनवरी 2026 को DAV नारंग इंटर कॉलेज, घुघली महराजगंज के प्रांगण में कार्य कर रहे थे।
रविन्द्र प्रसाद ने बताया कि उन्होंने कॉलेज गेट पर अपनी हीरो HF डीलक्स बाइक (संख्या UP56 AA 8377) को लॉक कर खड़ा किया था। कार्य समाप्त होने के बाद जब वह गेट पर पहुंचे तो उनकी बाइक वहां मौजूद नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद पीड़ित ने डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी और घुघली चौकी पर तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नगर चौकी इंचार्ज अशोक गिरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।