चाइनीज मांझा रखने या बेचने पर 7 साल तक की जेल, एक लाख तक जुर्माना
जी न्यूज 7 अंकित दूबे

जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश, नगर निकायों में चलेगा विशेष अभियान
जौनपुर। चाइनीज मांझे के निर्माण, भंडारण, उपयोग और बिक्री पर अब पूरी तरह प्रतिबंध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने पर दोषी को पांच से सात वर्ष तक का कारावास और एक लाख रुपये तक का जुर्माना भुगतना पड़ सकता है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), नई दिल्ली के आदेश के अनुपालन में प्रदेश के सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सिंथेटिक, सीसा लेपित, नायलॉन डोर व चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा-5 व धारा-15 के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर पांच वर्ष तक की सजा या एक लाख रुपये तक जुर्माना, अथवा दोनों हो सकते हैं। यदि उल्लंघन जारी रहता है तो प्रतिदिन 5000 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगेगा। एक वर्ष से अधिक समय तक उल्लंघन जारी रहने पर सात वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
नगर निकायों में चलेगा सघन अभियान
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने नगर निकायों में चाइनीज मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चलाएं और जहां भी भंडारण मिले, उसे तत्काल नष्ट कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी निकाय क्षेत्र में मांझे का भंडारण या बिक्री पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन में दें पौधारोपण की जीवितता रिपोर्ट
बैठक में जिलाधिकारी ने उन विभागों को भी फटकार लगाई जिन्होंने अब तक पौधारोपण के बाद जीवितता सफलता प्रतिशत रिपोर्ट नहीं दी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग दो दिवस के भीतर रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा बैठक में वृक्षारोपण लक्ष्य, पौधों का अनुरक्षण, सुरक्षा व सिंचाई व्यवस्था, जीपीएस इनेबल्ड वाहन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन और चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में *अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अम्बष्ट, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) परमानंद झा, डीएफओ प्रमिला सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।