जौनपुर में कानून व्यवस्था पर सख्ती: डीएम-एसएसपी ने अभियोजन कार्य की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश
जी न्यूज 7 अंकित दूबे

जौनपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी जौनपुर डॉ. दिनेश चंद्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में अभियोजन विभाग के अधिकारियों के साथ लंबित एवं विचाराधीन अभियोगों की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियोजन कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा गंभीर अपराधों से जुड़े प्रकरणों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जाए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने विवेचना और अभियोजन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत साक्ष्य और सटीक प्रस्तुतीकरण से ही न्यायिक प्रक्रिया को गति मिल सकती है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह सहित अभियोजन विभाग के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रत्येक मामले की प्रगति रिपोर्ट समय से प्रस्तुत की जाए।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अभियोजन कार्य को और अधिक प्रभावी बनाते हुए जनपद में कानून का राज मजबूत किया जाएगा।