अनुज कुमार यादव को मिली पीएचडी की उपाधि
घुघली/महाराजगंज
शनिवार को

जी न्यूज़ घुघली
घुघली वार्ड नंबर 8 के निवासी अनुज कुमार यादव को शारीरिक शिक्षा (फिजिकल एजुकेशन) विषय में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी उपाधि प्रदान की गई है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। अनुज कुमार यादव की इस सफलता को शिक्षा और खेल जगत के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि शोध कार्य के दौरान उन्होंने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन किया। उनके दो शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हुए, जबकि चार शोध पत्र राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हुए हैं। इसके अतिरिक्त उनके चार अन्य शोधपत्र राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किए गए, जो उनकी शोध क्षमता और विषय पर गहरी पकड़ को दर्शाते हैं। शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में उनका शोध कार्य खेल प्रशिक्षण, शारीरिक दक्षता और विद्यार्थियों के समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर केंद्रित रहा।
अनुज कुमार यादव की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सुरेश रुगटा ने उन्हें बधाई देते हुए इसे सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य बताया। उन्होंने कहा कि अनुज की सफलता युवाओं के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। इस अवसर पर शैलेश रुगटा, इंद्रजीत यादव, उमेश यादव, चंद्रपाल यादव, पुनीत सिंह, अनिल यादव, आनंद दुबे, सिद्धार्थ यादव, सच्चितानंद सहित कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अनुज कुमार यादव की यह उपलब्धि घुघली क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा और शोध कार्य के लिए प्रेरित होंगे।