होली के दिन डीजे पर नाचते समय दो गुटों में जमकर मारपीट, वीडियो हुआ वायरल
कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज नगर में होली के दिन उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब डीजे पर नाचते समय दो युवकों के गुटों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार होली के अवसर पर नगर में युवक डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए रंग और गुलाल के साथ त्यौहार का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
घटना के दौरान कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में घटना की चर्चा तेज हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की सक्रियता के कारण बड़ा विवाद होने से बच गया और माहौल को शांत कराया गया।
होली जैसे पावन और सौहार्दपूर्ण त्योहार के दिन हुई इस घटना ने कुछ देर के लिए माहौल जरूर खराब कर दिया, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई और नगर में शांति व्यवस्था कायम रही।

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर