बोलोरो की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत, इकलौते बेटे के निधन से परिवार में मचा कोहराम
जी न्यूज़ शैलेश कुमार

महराजगंज,भिटौली थाना क्षेत्र के कर्मही धरमपुर गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार करीब दो बजे अमृत चौधरी अपने बोलेरो वाहन के पास खड़े थे। इसी दौरान किसी कारणवश वह वाहन की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
युवक की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाने लगे।
बताया जाता है कि अमृत चौधरी, राम बहादुर चौधरी और जीरा चौधरी के इकलौते पुत्र थे। वह तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी बहनों में मेनका, राधा और उजाला शामिल हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बहन की शादी अभी बाकी है।
ग्रामीणों के अनुसार अमृत चौधरी की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी और अभी उनकी कोई संतान नहीं थी। इकलौते बेटे की असमय मौत से माता-पिता और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।