शादी कार्यक्रम से गायब हुए युवक ने ट्रेन से कटकर की आत्महत्या
रिपोर्ट-हमीरपुर जिला ब्यूरो चीफ सुनील कुमार प्रजापति
भरुआ सुमेरपुर। घर में चल रहे शादी के एक कार्यक्रम के मध्य से गायब हुए युवक ने रेलवे स्टेशन के आगे झाम कुआं के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। अचानक हुई इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई है और परिवार में कोहराम मच गया।
कस्बे के दुग्ध डेयरी मार्ग के निवासी होरीलाल खंगार के यहां भांजे का दहिनारा कार्यक्रम चल रहा था। बुधवार को सुबह घर परिवार के सभी सदस्य गायत्री तपोभूमि में पूजन आदि करने आए थे। इनके साथ होरीलाल का पुत्र दीपक (17 वर्ष) भी था। परिजनों के पूजन कार्यक्रम में व्यस्त हो जाने के बाद दीपक तपोभूमि से गायब हो गया और करीब 2 बजे रेलवे स्टेशन के आगे झाम कुआं के सामने किसी ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। गस्त में निकले आरपीएफ के जवान ओपी पटेल ने शव देखकर घटना से स्टेशन मास्टर के साथ थाना पुलिस को अवगत कराया। घटना की सूचना पाकर पत्योरा पुलिस चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। सोशल मीडिया के माध्यम से शव की शिनाख्त दुग्ध डेयरी रोड निवासी दीपक खंगार के रूप में होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी के पूर्व हो रहे इस कार्यक्रम की खुशियां काफूर हो गई। मृतक तीन भाइयों तथा एक बहन में दूसरे नंबर का था। आत्मघाती कदम क्यों उठाया यह पता नहीं चल सका है।