बलिया—पानी टंकी बनी शोपीस, स्वच्छ जल को तरसे ग्रामीण —
नगरा,बलिया– ग्रामीणों को स्वच्छ जल मिल सके इसके लिये सरकार तरह तरह की योजनायें चला रही है किंतु जिम्मेदारों की उदासीनता व लापरवाही के चलते ये योजनायें दम तोड रही हैं। करीब 17 गांवों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने हेतु चार दशक पूर्व बनी ताडीबडागांव की पानी टंकी जर्जर हो गयी है। स्थिति यह है कि जलापूर्ति हेतु बिछाये गये पाईप जगह जगह लीकेज कर रहे हैं। लगभग चार साल से टंकी कभी चालू हुई ही नही। कुछ समय तक तो नलकूप का मोटर ही खराब पडा था। बनने के बाद भी नलकूप चालू नही हो पाया। टंकी परिसर में साफ सफाई न होने से झाड झंझाड उग आया है। टंकी का आलम यह है कि अब उसके अंदर के छड दिखाई देने लगे है। ग्रामीणों का आरोप है कि टंकी की कभी मरम्मत ही नही की जाती है। शुरुआती दौर में इस टंकी से मलप, पालचंद्रहां, वीरचंद्रहां समेत ताडीबडागांव के 27 पुरवों में जलापूर्ति होती थी। ग्रामीणों के लिये टंकी का पानी अब सपने की वस्तु बन कर रह गयी है। महत्वपूर्ण तो यह है कि इस टंकी पर कोई कर्मचारी भी मौजूद नही रहते हैं।
पूर्व प्रधान श्यामनारायण सिंह का कहना है कि पानी टंकी को चालू कराने के प्रति न तो कोई जनप्रतिनिधि ही संवेदनशील है और न ही विभागीय अधिकारी ही अपने कर्तव्यों के प्रति जागरुक हैं।पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम जियावन यादव का कहना है कि पानी टंकी चार साल से बंद पडी है। लोगों को स्वच्छ जल नसीब नही हो पा रहा है। जनहित में इसे चालू कराना जरुरी है।
हरिंद्र सिंह का कहना है कि पानी टंकी शोपीस बनी हुई है। जनप्रतिनिधियों कि उपेक्षा से टंकी बंद पडी है।
रामप्रवेश सिंह का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को चाहिये कि बंद पडी टंकी को लेकर अपनी आवाज बुलंद करें।
जलनिगम के एई रवि चौहान का कहना है कि ताडीबडांगाव की पानी टंकी की समयावधि , कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इसे जल जीवन शक्ति मिशन के तहत चयनित कर लिया गया है। अभी कार्य टेंडर प्रक्रिया में है। टेंडर के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरु की जायेगी।

संवादाता
रुद्रेश कुमार शर्मा
G News Beaur
chief Ballia