Uncategorized

आग बनी आफत: खेतों में धधकी लपटें, झोपड़ी राख—कई किसानों की फसल स्वाहा

महराजगंज:जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग की चपेट में आने से किसान रामनरेश की खेत में बनी झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। झोपड़ी में रखा जरूरी सामान भी राख में तब्दील हो गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते लपटों ने कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में प्रवीण यादव, मंगरा देवी सहित कई किसानों के करीब दो मंडा खेत जलकर नष्ट हो गए।
इसके अलावा लालमन, नागेंद्र यादव, पारस, राकेश, बहादुर पासवान, मंगरी और प्रवीण समेत अन्य किसानों की खड़ी फसल भी आग की भेंट चढ़ गई। अचानक लगी इस आग से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने पंपसेट के सहारे पानी चलाकर घंटों कड़ी मशक्कत की, तब जाकर किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस अग्निकांड से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है और पूरे इलाके में मायूसी का माहौल है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।

जी न्यूज़ घुघली

Related Articles

Back to top button