Uncategorized

कप्तानगंज के सुभाष चौक स्टेट बैंक के पास से दिनदहाड़े लूट, महिला से 1 लाख रुपये छीनकर फरार बदमाश, CCTV में कैद वारदात

कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सुभाष चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास का है, जहां दिनदहाड़े एक महिला से 1 लाख रुपये की लूट की वारदात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला सुभाष चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 1 लाख रुपये निकालकर अपने घर की ओर जा रही थी। जैसे ही वह बैंक से कुछ दूरी पर पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और उसके पास मौजूद रुपये छीन लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां साफ तौर पर देखी जा सकती हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
पीड़ित महिला ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि बैंक और बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक से पैसे निकालते समय सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button