Uncategorized

कप्तानगंज में देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कुशीनगर। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। उसके पास से अवैध पिस्टल, कारतूस, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6/7 अप्रैल 2026 की रात थाना कप्तानगंज क्षेत्र के किसान चौक के पास दो स्थानों पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में थाना कप्तानगंज पर मुकदमा संख्या 98/2026 धारा 109 बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 99/2026 धारा 109/352 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 7/8 अप्रैल 2026 की रात कप्तानगंज, कसया थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम हसनगंज-भिवरा रोड के पास घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान आदित्य साहनी पुत्र कमलेश साहनी निवासी बभनौली थाना कप्तानगंज, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त आदित्य साहनी किसान चौक के पास हुई फायरिंग की घटना का मुख्य आरोपी है। वह थाना कप्तानगंज का 153-A नंबर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की जा चुकी है। उसके ऊपर मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कसया आशुतोष सिंह, थानाध्यक्ष कप्तानगंज दीपक सिंह, स्वाट टीम प्रभारी स्वतंत्र सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा बबलू सोनकर तथा चौकी प्रभारी मथौली अंकित सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

Related Articles

Back to top button