होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जी न्यूज 7 अंकित दूबे

जौनपुर पुलिस लाइन में आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर विस्तृत ब्रीफिंग दी।
बुधवार को आयोजित इस ब्रीफिंग में क्षेत्राधिकारी केराकत, क्षेत्राधिकारी सदर समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। एएसपी ग्रामीण ने निर्देश दिया कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक केंद्र पर प्रभारी अधिकारी नियुक्त कर उनकी जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या नकल से जुड़े साधनों को अंदर जाने से रोका जा सके। साथ ही केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन सतर्क है। संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बनने दें और यातायात सुचारु बनाए रखें।
ब्रीफिंग के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और पूरी सतर्कता व जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। परीक्षा के दौरान लगातार भ्रमणशील रहकर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।