Uncategorized

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने किया जमैथा पुलिस चौकी का शुभारंभ

जी न्यूज 7 अंकित दूबे

जौनपुर। जनपद जौनपुर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में गुरुवार को एक बड़ी पहल हुई, जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने थाना जफराबाद क्षेत्र के अखड़ो धाम स्थित जमैथा पुलिस चौकी का भव्य उद्घाटन किया।

ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थापित की गई यह नई चौकी अब इलाके में अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्त और त्वरित पुलिस सहायता का बड़ा केंद्र बनेगी। गौराबादशाहपुर और केराकत को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां पुलिस की स्थायी मौजूदगी बेहद जरूरी मानी जा रही थी।

यही नहीं, अखड़ो माता मंदिर, जमदग्नी ऋषि की तपोस्थली और मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ की सुरक्षा को लेकर भी यह चौकी अहम भूमिका निभाएगी। नदी किनारे का क्षेत्र होने से रात के समय निगरानी और चेकिंग की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही थी।

नई चौकी के शुरू होने से सरैया, पहेतिया, भूलेमऊ, उत्तरगांवा, वजहुद्दीनपुर, जमैथा, नाथूपुर और वशीरपुर समेत आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को अब पुलिस सहायता तेजी से मिल सकेगी और असामाजिक तत्वों पर भी प्रभावी नजर रखी जाएगी।

उद्घाटन के मौके पर एसएसपी ने मौजूद पुलिसकर्मियों को जनता की सुरक्षा, संवेदनशील पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, थाना प्रभारी सृष्टि जैन, थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

जमैथा चौकी का उद्घाटन ग्रामीण सुरक्षा के लिए जौनपुर पुलिस का बड़ा मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button