Uncategorized

फाजिलनगर उप-चुनाव को लेकर डीएम-एसपी का सघन निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

कुशीनगर जनपद में नगर पंचायत फाजिलनगर के अध्यक्ष पद के उप-निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने थाना पटहेरवा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न पोलिंग बूथों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बिजली, शौचालय, बैरिकेडिंग एवं मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पोलिंग बूथों पर समय से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। इस दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button