Uncategorized

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी जौनपुर ने सुनीं जनसमस्याएं

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर स्थित कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यान, उद्योग, सहकारिता, श्रम, पशुपालन, मत्स्य, खाद्य एवं रसद सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों पर आमजन को विभागीय योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

बेसिक शिक्षा विभाग ने छात्रवृत्ति एवं नामांकन संबंधी जानकारी दी, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन योजनाओं, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने ब्रेल लिपि एवं दिव्यांग कल्याण योजनाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण एवं महिला सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसानों को उन्नत खेती, बीज, उर्वरक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया।

उद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। सहकारिता विभाग ने किसानों को सहकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि पशुपालन एवं मत्स्य विभाग ने संबंधित योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया। श्रम विभाग ने श्रमिकों को पंजीकरण एवं श्रम कल्याण योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उद्योग विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत चार आवेदन पंजीकृत किए गए।

जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए किसानों को पौधे वितरित किए। श्रम विभाग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पंजीकृत श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 14 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्रमोद कुमार निवासी पूरेरामजी, थाना बक्सा द्वारा भूमि विवाद के मामले में विलंब की शिकायत पर जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। वहीं धर्मापुर निवासी राजेश पाल की ओर से न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत पर थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर को शाम तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

धन्नोपुर शंकरमंडी निवासी श्रीमती इशरत द्वारा बिजली बिल जमा होने के बावजूद एनओसी न मिलने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एक्सईएन हाइडल के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा जमीन विवाद, खतौनी एवं विद्युत संबंधी अन्य मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को शासन की प्राथमिकताओं, जनसुनवाई, आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक प्रभावी जनसुनवाई करें और शिकायतों को लंबित न रखें।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों से पक्षियों के लिए दाना और पानी रखने की अपील भी की।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी , सीओ सिटी , उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button