Uncategorized

कुशीनगर में माँ कुलकुला देवी मंदिर और हिरण्यवती नदी के विकास पर डीएम सख्त

दीनदयाल पाण्डेय
मंडल क्राइम ब्यूरो
गोरखपुर

कुशीनगर के दिलीपनगर स्थित माँ कुलकुला देवी मंदिर और हिरण्यवती नदी क्षेत्र के विकास को लेकर डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, नदी तट और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को साफ-सफाई, सौंदर्याकरण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने हिरण्यवती नदी की सफाई को 500-500 मीटर के हिस्सों में बांटकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर भी जोर दिया।
प्रशासन की योजना के तहत जरूरत पड़ने पर ड्रोन सर्वे कराया जाएगा और मशीनों से नदी में जमी सिल्ट व झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी। गांवों से नदी में गिरने वाले पानी को फिल्टर करने के लिए विशेष चैंबर भी बनाए जाएंगे।
डीएम ने बताया कि माँ कुलकुला देवी मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। क्षेत्र में शौचालय, स्वच्छ पेयजल और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा आगामी वृक्षारोपण अभियान में मंदिर और नदी क्षेत्र के आसपास करीब दो लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें 10 हजार फलदार पौधे शामिल होंगे।
उन्होंने ग्रामीणों से सफाई अभियान में श्रमदान करने की अपील की और सफाई कार्य में लगे श्रमिकों के लिए मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Back to top button