तीन प्लेट बिरयानी बनीं भारी, चंद रुपये के विवाद में यूपी-112 के दो पुलिसकर्मी निलंबित
घुघली तीन प्लेट बिरयानी के मामूली भुगतान विवाद ने दो पुलिसकर्मियों की वर्दी पर भारी पड़ गया। होटल संचालक से हुई कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई जांच में अनुशासनहीनता एवं अल्कोहल सेवन की पुष्टि होने पर दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि होमगार्ड चालक के विरुद्ध भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
मिलिजानकारी जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी चौरा स्थित होटल ताज में यूपी-112 की पीआरवी संख्या 8680 पर तैनात पुलिसकर्मियों और होटल संचालक के बीच तीन प्लेट बिरयानी के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। होटल संचालक का आरोप है कि बिरयानी पैक कराने के बाद पुलिसकर्मी भुगतान करने से बचने लगे। विरोध करने पर उसने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में भी संबंधित पुलिसकर्मियों के होटल पहुंचने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने तत्काल जांच के आदेश दिए।
जांच में प्रथम दृष्टया हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पांडेय, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव तथा होमगार्ड चालक मनोज कुमार का आचरण पुलिस नियमावली के विपरीत पाया गया। तीनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें आंशिक रूप से अल्कोहल सेवन की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।
वहीं, होमगार्ड चालक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को रिपोर्ट भेजी गई है। बाद में होटल संचालक को बिरयानी का पूरा भुगतान भी करा दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अनुशासनहीनता, अभद्र व्यवहार और कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस की छवि धूमिल करने वाले कर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी