पत्रकार नंदलाल विश्वकर्मा पर जानलेवा हमले के बाद हालचाल जानने पहुंचे स्वतंत्र पत्रकार समिति के पदाधिकारी, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
संवाददाता: राहुल विश्वकर्मा
घुघली समाचार


कुशीनगर। पत्रकार नंदलाल विश्वकर्मा पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनका हालचाल जानने के लिए स्वतंत्र पत्रकार समिति उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुख सागर प्रसाद शर्मा अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा पीड़ित पत्रकार और उनके परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय कमेटी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल विश्वकर्मा, राष्ट्रीय सचिव सहाबुद्दीन अली, राष्ट्रीय सह उपाध्यक्ष सिरजेश यादव, जिला कमेटी के कप्तानगंज तहसील अध्यक्ष फिरोज अंसारी अश्क, कप्तानगंज तहसील उपाध्यक्ष फरियाद मालिक, रजवंत विश्वकर्मा, मुकेश कुशवाहा तथा सुनील प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पत्रकार नंदलाल विश्वकर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले पर विस्तार से चर्चा की गई। जानकारी के अनुसार, इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
इस अवसर पर स्वतंत्र पत्रकार समिति उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुख सागर प्रसाद शर्मा ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि यदि फरार दोनों अभियुक्तों की दो दिनों के भीतर गिरफ्तारी नहीं की जाती है, तो स्वतंत्र पत्रकार समिति उत्तर प्रदेश प्रदेशव्यापी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी जिले के उच्च अधिकारियों की होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर जनता का विश्वास बना रहे।