Uncategorized

कप्तानगंज में ‘सेवा सेतु अभियान मेला’ का शुभारंभ, सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को मिलेगा लाभ

दीनदयाल पाण्डेय मंडल क्राइम ब्यूरो गोरखपुर

कप्तानगंज। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कप्तानगंज मंडल द्वारा नगर पंचायत सभागार में ‘सेवा सेतु अभियान मेला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन हाटा विधानसभा के पूर्व विधायक पवन केडिया ने किया।

मेले का उद्देश्य सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, शौचालय, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लिए पात्र लोगों से आवेदन लिए जाने की व्यवस्था की गई।

आयोजकों के अनुसार अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। पात्र लोगों के आवेदन लिए जाएंगे तथा नियमानुसार उन्हें संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इससे ऐसे लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी, जो पात्र होने के बावजूद अब तक किसी कारणवश लाभ से वंचित हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व अध्यक्ष विजय खेतान ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम के सह संयोजक एवं मंडल अध्यक्ष हरेराम गुप्त ने किया। उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद, मंडल उपाध्यक्ष रमेश अग्रहरि, अशोक दुबे, राधेश्याम पासवान, विजय कनौजिया, रानू अग्रहरि, भोला साहनी, आनंद रौनियार, शालू जायसवाल, विजय जायसवाल, सतीश सिंह, देवेंद्र यादव और प्रहलाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पात्र लाभार्थी मौजूद रहे।

‘सेवा सेतु अभियान मेला’ में पात्र लोगों की मौजूदगी से कार्यक्रम में काफी उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी पात्रता के अनुसार संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करें।

Related Articles

Back to top button