Uncategorized

राज्यपाल के जौनपुर आगमन को लेकर डीएम ने अफसरों के साथ की समीक्षा बैठक

संवाददाता अंकित दूबे

27 जुलाई को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल, सुरक्षा से लेकर चिकित्सा और यातायात तक सभी व्यवस्थाओं के दिए निर्देश

जौनपुर। 27 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनन्दीबेन पटेल के प्रस्तावित जौनपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कैंप कार्यालय में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस, चिकित्सकीय टीम एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), अग्निशमन विभाग, नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) सहित अन्य संबंधित विभागों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button