रसोईघर का ताला तोड़कर सिलेंडर, बर्तन व खाद्य सामग्री चोरी
संवाददाता अंकित दूबे


बदलापुर, जौनपुर। थाना बदलापुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुर में चोरों ने विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, बर्तन तथा मध्याह्न भोजन में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की घटना सामने आने के बाद विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सहायक अध्यापक बृजेश सरोज ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सच्चिदानंद तिवारी पांच दिवसीय प्रशिक्षण के लिए बाहर गए हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल थाना बदलापुर पुलिस को अवगत कराया और चोरी की घटना में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
विद्यालय परिसर में हुई इस चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा विद्यालयों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।