श्रावण मास, कांवड़ यात्रा व चेहल्लूम को लेकर घुघली पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
घुघली, महराजगंज। आगामी पवित्र श्रावण मास, कांवड़ यात्रा एवं चेहल्लूम पर्व के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करने के उद्देश्य से घुघली कस्बे के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च (पैदल गश्त) किया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष सूरज कुमार एवं चौकी प्रभारी शिवम राय के संयुक्त नेतृत्व में निकले पुलिस बल ने कस्बे के प्रमुख मार्गों, मुख्य बाजारों तथा संवेदनशील चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और आमजन से संवाद स्थापित करते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, माहौल बिगाड़ने अथवा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण पोस्ट प्रसारित करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के उपरांत सीओ अंकुर गौतम एवं थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील स्थलों पर लगातार पिकेट ड्यूटी एवं नियमित गश्त जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और नए चेहरों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी सूचना या आपात स्थिति पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस फ्लैग मार्च में थाना घुघली एवं संबंधित पुलिस चौकी के उपनिरीक्षकों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे

घुघली समाचार