जखीरा चौराहे पर नाले में गिरा युवक, पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से बची जान
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के जखीरा चौराहे पर शुक्रवार को नशे की हालत में एक युवक नाले में गिर गया। पानी में गिरने के बाद वह डूबने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल प्रद्युमन सिंह ने तत्काल पुलिस चौकी को सूचना दी और आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से युवक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी आशुतोष पाठक अपने हमराही केपी सिंह, मुन्ना यादव तथा अन्य पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से युवक को सुरक्षित नाले से बाहर निकाल लिया गया।
इसके बाद युवक को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। युवक की पहचान बड़क सिंह (38) पुत्र शिवपूजन, निवासी पिपरा ब्राह्मण उर्फ बारीगांव, भरदेउरा टोला, थाना घुघली के रूप में हुई है।
चौकी प्रभारी आशुतोष पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के सहयोग से युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घुघली समाचार
