Uncategorized

प्रोजेक्टर आधारित शिक्षण कार्य का हुआ शुभारम्भ, आधुनिक शिक्षा की ओर बढ़ा छितौनी इंटर कॉलेज

संवाददाता: सिरजेश यादव

छितौनी, कुशीनगर।
छितौनी इंटर कॉलेज, छितौनी में विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रोजेक्टर आधारित शिक्षण कार्य का शुभारम्भ किया गया। विद्यालय सभागार के जीर्णोद्धार के उपरांत स्थापित प्रोजेक्टर को छात्र-छात्राओं को समर्पित किया गया, जिससे अब डिजिटल माध्यम से पढ़ाई और अधिक प्रभावी, रोचक एवं सहज होगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष विजय सिंह रहे। उन्होंने फीता काटकर एवं माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इसके बाद विद्यालय पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया तथा विज्ञान अध्यापक शिवेंद्र प्रकाश ने प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षण का प्रदर्शन कर डिजिटल शिक्षा की उपयोगिता से सभी को अवगत कराया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के माध्यम से विद्यार्थियों की विषयवस्तु पर समझ और अधिक विकसित होगी तथा अध्ययन में रुचि बढ़ेगी। छात्रों से उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियाँ हासिल करने का आह्वान भी किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय द्वारा संचालित निःशुल्क शिक्षा योजना के अंतर्गत परीक्षा के आधार पर पाँच नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। मुख्य अतिथि ने कक्षा 11 के विवेक यादव तथा कक्षा 9 के अतीश, दिव्या वर्मा, काजल चौहान एवं प्रेमलता निषाद को निःशुल्क शिक्षा के प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक मुकुंद माधव केडिया, उप प्रबंधक प्रेमलाल गुप्त, प्रबंध समिति के सदस्य प्रदीप कुमार एवं प्रह्लाद मौर्य, अभिभावक संघ के पदाधिकारी रामायन कुशवाहा और जवाहर प्रसाद कुशवाहा, शिक्षक सुशील कुमार, आदर्श तिवारी, विजय कुशवाहा, यादवेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत अतिथियों ने विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी किया। अंत में प्रधानाचार्य आकाश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button