तरया सुजान पुलिस ने वाहन चोर गैंग का किया पर्दाफाश, चार बाइक व अवैध पिस्टल के साथ चार शातिर गिरफ्तार
संवाददाता राहुल विश्वकर्मा
घुघली समाचार

कुशीनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तरया सुजान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें तथा एक 7.65 एमएम की अवैध पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान थाना तरया सुजान क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला यादव (31 वर्ष) निवासी सिसवा अव्वल, गाम्हा यादव निवासी बेदूपार खलवा टोला, नितीश यादव (20 वर्ष) निवासी भगवानपुर तथा जिलेस सिंह (29 वर्ष) निवासी बिरवट कोन्हवलिया, थाना तरया सुजान के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से कई के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में मारपीट, चोरी, अवैध हथियार, धोखाधड़ी तथा अन्य गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार सहित थाना तरया सुजान की पुलिस टीम ने अंजाम दिया।