Uncategorized

किसान शहीद दिवस को ऐतिहासिक बनाने में जुटे सपाई, 23 अगस्त को होगी अहम बैठक

रामकोला में 10 सितंबर को होगा भव्य आयोजन, पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने कार्यकर्ताओं से की एकजुट होने की अपील

दीनदयाल पाण्डेय
मंडल क्राइम ब्यूरो गोरखपुर

रामकोला/कुशीनगर। रामकोला में आगामी 10 सितंबर को प्रस्तावित किसान शहीद दिवस कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शिवपाल यादव के पुत्र तथा बदायूं सांसद आदित्य प्रताप यादव के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया गया है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर 23 अगस्त 2026, रविवार को सुबह 10 बजे हाटा-भगा स्थित कैंप कार्यालय पर विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार किसान शहीद दिवस को व्यापक और प्रभावशाली बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसान शहीदों के संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।

पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर कैंप कार्यालय पहुंचकर विशेष बैठक में सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि किसान शहीद दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि 10 सितंबर को रामकोला में आयोजित होने वाले किसान शहीद दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर तैयारी में जुटना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक को लेकर स्थानीय समाजवादी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार संपर्क अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button