बहुआर कला में पुलिस चौकी निर्माण के नाम पर 39.35 लाख खर्च का दावा, RTI में पुलिस विभाग ने बताया ‘शून्य’
संवाददाता आर के शर्मा
घुघली समाचार
महराजगंज/निचलौल। विकासखंड निचलौल की ग्राम पंचायत बहुआर कला में पुलिस चौकी निर्माण कार्य को लेकर गंभीर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में ग्राम नंदना निवासी नागेंद्र पाण्डेय ने विभिन्न उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच, धनराशि की वसूली और दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत बहुआर कला, क्षेत्र पंचायत निचलौल तथा जिला पंचायत महराजगंज द्वारा एक ही स्थान पर पुलिस चौकी से संबंधित कार्य के नाम पर अलग-अलग मदों से धनराशि खर्च किए जाने का दावा किया गया है। दस्तावेज में विभिन्न भुगतान दर्शाते हुए कुल 39,35,188 रुपये के व्यय का उल्लेख किया गया है।
RTI में पुलिस विभाग की ओर से निर्माण कार्य की सूचना ‘शून्य’
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बहुआर पुलिस चौकी पर पुलिस विभाग एवं जनसहयोग के अतिरिक्त किसी अन्य विभाग अथवा संस्था द्वारा कराए गए निर्माण, मरम्मत या विस्तार कार्य की जानकारी मांगी थी। प्रार्थना पत्र में संबंधित पुलिस अधिकारियों के जवाब का हवाला देते हुए कहा गया है कि उक्त सूचना ‘शून्य’ बताई गई।