Uncategorized

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान कुलपति प्रो. वंदना सिंह से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के दौरान विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
प्रो. राकेश कुमार सिंह सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। उच्च शिक्षा प्रशासन में उन्हें कुलसचिव, परीक्षा संबंधी दायित्व, छात्र कल्याण, योजना एवं विकास समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का अनुभव है। वह इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय से पूर्वांचल विश्वविद्यालय आए हैं।

पदभार ग्रहण करने के बाद कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य पूर्वांचल विश्वविद्यालय को तकनीक-सक्षम, पारदर्शी, जवाबदेह और विद्यार्थी-केंद्रित उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करना है। पढ़ाई, परीक्षा, परिणाम, प्रवेश, शोध, छात्र सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय पूर्वांचल क्षेत्र में उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए शोध और नवाचार को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। शोध को प्रोत्साहन देने के साथ ही विश्वविद्यालय के प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मजबूत डिजिटल प्रशासनिक ढांचा विकसित किया जाएगा।

कुलपति ने छात्र सुविधाओं पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि इंटरनेट और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। विद्यार्थियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और संवाद के माध्यम से उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को बेहतर बनाने की इस परिवर्तन यात्रा में शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, शोधार्थी और संबद्ध महाविद्यालय सभी सहभागी होंगे।

पदभार ग्रहण करने के बाद कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय के मुक्तांगन परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button