महराजगंज मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं एवं अधिकारियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिन निर्माण कार्यों को जुलाई, अगस्त एवं सितंबर माह में पूर्ण किया जाना निर्धारित था, लेकिन वे समय से पूरे नहीं हो सके हैं, उन्हें दिसंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। यदि किसी कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करना संभव नहीं है, तो उसकी समयसीमा बढ़वाने की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन निर्माण कार्यों का भौतिक लक्ष्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें तत्काल संबंधित विभाग को हस्तांतरित (हैंडओवर) किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता मानकों और समयबद्धता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी श्री आर.के. मिश्रा, डीएसएसटीओ श्री निरंकार, एसीएमओ डॉ राजेश द्विवेदी सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

