बलिया में विदेश भेजने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, विदेश गए युवकों से परिजनों की नहीं हो पा रही बात
बलिया: जिले में विदेश भेजने के नाम पर रुपये लिए जाने तथा विदेश गए लोगों के परिजनों से बात होने के मामले में विदेश भेजने वालों पर पीड़ित परिवार की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मनियर थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी गोलू गुप्ता पुत्र हरिशंकर गुप्ता निवासी ने लिखा है कि मेरी बड़ा गांव चट्टी पर किराना की दुकान है। जहां पर हम दोनों भाई गोलू गुप्ता एवं चंदन गुप्ता दुकान को देखते थे। करीब तीन-चार माह पूर्व शमशेर खान पुत्र ताहिर खान निवासी सेमरी कोतवाली बांसडीह जनपद बलिया एवं गणेश पांडेय पुत्र काशीनाथ पांडेय निवासी छितरौली बांसडीह मेरे दुकान पर आए तथा मेरे भाई चंदन गुप्ता और अब्दुल कादिर खान एवं रफाकत हुसैन को मलेशिया में नौकरी देने का प्रलोभन दिए।
कोलकाता से ली थी फ्लाइट
अपने झांसे में लेकर प्रत्येक लोगों से डेढ़ डेढ़ लाख रुपए लेकर 19 जून 2023 को मलेशिया ले जाने के लिए कोलकाता से फ्लाइट पर बैठा दिये।20 जून 2023 को रात्रि में मैं फोन से अपने भाई से बात किया तो भाई ने बताया कि मलेशिया के लिए सीधे कोई फ्लाइट हमें नहीं मिली है। इसलिए हम लोग यहां से बैंकाक का फ्लाइट पकड़े हैं फिर बैंकॉक से मलेशिया पहुंच जाएंगे।
फिर नहीं हुई किसी से बात
इसके बाद हमारे भाई से हमारा एवं हमारे परिवार के किसी सदस्य की बात नहीं हुई। न ही अब्दुल कादिर खान एवं रफाकत हुसैन के परिवार वालों से उनकी बात हुई। जब घर जाकर भेजने वालों से पूछा गया तो बताए कि मलेशिया भेज दिए हैं और गाली गुप्ता देकर जान से मारने की धमकी देते हुए हम लोगों को भगा दिए। पीड़ित ने इनके विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मुकदमा दर्ज
इस संदर्भ में पूछे जाने पर मनियर थाना प्रभारी मंतोष सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कार्यवाही की जा रही है
जिला संवाददाता बलिया ज़ी न्यूज़ पवन यादव की रिपोर्ट