बुलडोजर के पहुंचते ही दीनानाथ का परिवार को खुद को बताने लगा शरीफ, बोले- मत करिए कार्रवाई
संवाददाता प्रियाशु शुक्ला
एसपी सिटी के पास बिहार से आ गई एक महिला, बोली- साहब! मुझसे भी हुई है साढ़े नौ लाख की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मैरिज लॉन पर बुलडोजर चलने से पहले दीनानाथ के परिवार वाले अफसरों से गिड़गिड़ा रहे थे कि कार्रवाई मत करिए, बर्बाद हो जाएंगे..। अफसरों के सामने अभी वे खुद को शरीफ बता ही रहे थे कि बिहार की एक महिला आ गई। सबके सामने बोल पड़ी-साहब ! इन लोगों ने हम गरीबों को लूटा तब नहीं सोचा था। मुझसे भी कमलेश और दीनानाथ ने साढ़े नौ लाख की ठगी की है। मेरा पैसा दिलवा दें, गरीब हूं। एसपी ने इस मामले में भी केस दर्ज करने का निर्देश दे दिया है।
बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे के करीब एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसओ मदन मोहन मिश्रा पहुंचे और मैरिज लॉन के बिजली को काटने का काम शुरू किया। जैसे ही यह कार्रवाई शुरू हुई, इलाके में शोर मच गया कि अब तो बुलडोजर की कार्रवाई होनी है। थोड़ी ही देर में जीडीए की टीम बुलडोजर के साथ पहुंच गई। इसके बाद दीनानाथ प्रजापति परिवार के कुछ लोग आए और कहने लगे कि कार्रवाई न की जाए। उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है।
उनकी गुहार सुनने के बाद एसपी सिटी ने एक ही सवाल पूछा- जितने गरीबों से जमीन के नाम पर ठगी हुई है, क्या उनका पैसा, पैसा नहीं था। इसके बाद परिवार वाले कुछ कहते कि बिहार के गोपालगंज की एक महिला पहुंच गई। उसने बताया कि 2019 में कमलेश और दीनानाथ ने जमीन के नाम पर साढ़े नौ लाख रुपये लिए थे। उसे सीलिंग की जमीन दी गई। बाद में जमीन का रुपया वापस मांगने पर टालमटोल करने लगे।
परिवार वाले महिला की बातें सुनने के बाद खुद ही चले गए। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि महिला ने जमीन के नाम पर जालसाजी की शिकायत की है। इस मामले में भी केस दर्ज किया जाएगा। अभी कई और लोग हैं, जो इनके ठगी का शिकार हुए हैं। जो भी सामने आएगा, पुलिस कार्रवाई करेगी।