Uncategorized

दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों का रामजानकी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

संवाददाता राहुल विश्वकर्मा
घुघली समाचार G NEWS

कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारुआडीह दुबे टोला के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। इसी हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों का सोमवार शाम करीब 8 बजे कप्तानगंज स्थित रामजानकी घाट पर परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम रहीं। अपनों को खोने का गम हर चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। घाट पर मौजूद लोगों ने नम आंखों से मृतकों को अंतिम विदाई दी। इस हृदयविदारक दृश्य ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया।

गौरतलब है कि हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारुआडीह दुबे टोला के पास पिपराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला और हाटा की तरफ जा रही इको वैन में जोरदार टक्कर हो गई थी। इको वैन में सवार सभी लोग एक तिलक समारोह से वापस लौट रहे थे। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान मृदुल मिश्रा, राम मिलन, रंजय गुप्ता, मिथिलेश गुप्ता, कन्हैया भारती और राम विलास भारती के रूप में हुई थी। और सभी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलूही गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है।

एक ही हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button