मकर संक्रांति पर सुरक्षा तैयारियों का एएसपी ने किया निरीक्षण, पुलिस अलर्ट मोड में
ज़ी न्यूज़ अमन मिश्रा
महराजगंज। मकर संक्रांति पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 14 जनवरी 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास मार्गों, पार्किंग स्थलों तथा यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की स्थिति की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, ड्रोन कैमरों से निगरानी, निरंतर पैदल गश्त तथा अफवाहों पर कड़ी नजर रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
मंदिर प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। महराजगंज पुलिस मकर संक्रांति पर्व एवं खिचड़ी मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
जिला प्रशासन द्वारा 14 एवं 15 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है तथा आम जनता से शांति, सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।