शादी समारोह में आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिसजी न्यूज़,घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ियार
विशुनपुर कोहरा टोला में सोमवार को एक युवक का शव गली में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

थानाध्यक्ष घुघली कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि दिनांक 09 फरवरी 2026 को सूचनाकर्ता विष्णु प्रताप सिंह पुत्र प्रमोद सिंह निवासी पकड़ियार विशुनपुर द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई कि उनके घर के पास गली में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मुंह के बल गली में गिरा मिला, जिसकी नाक से खून निकल रहा था, हालांकि शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं पाई गई।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में मृतक की पहचान जीतेंद्र खरवार (उम्र लगभग 35 वर्ष) पुत्र शंभू खरवार निवासी राज मंगल पांडेय नगर सपहा, थाना कसया, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई। बताया गया कि मृतक ग्राम पकड़ियार विशुनपुर में जुगत शर्मा की पुत्री रेनू शर्मा की शादी में दूल्हे की गाड़ी लेकर मदनपुर (कुशीनगर) से आया था।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक ने शादी समारोह में अत्यधिक शराब का सेवन किया था और आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में ईंट व पक्की फर्श पर गिरने से अंदरूनी चोट के कारण उसकी मौत हुई होगी।
पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्यवाही नियमानुसार पूरी की गई तथा मृतक के घर के परिजनों को सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल महाराजगंज भेज दिया गया है।