तेज रफ्तार बोलेरो का कहर: पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार बुजुर्ग को मारी टक्कर, पैर टूटा
जी न्यूज़ घुघली,शिकारपुर स्थित पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार लगभग 4बजे सायं को तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बुजुर्ग बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाईक चालक साधू गोरखपुर की तरफ अपने घर देऊरवा जा रहा था और बेलोरो महराजगंज की तरफ जा रहा था।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीवीएस एक्सएल/टीवीएस सुपर (गाड़ी संख्या यूपी 56 एवी 9081) चला रहे बुजुर्ग व्यक्ति पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही बोलेरो ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और उनका पैर टूट गया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो वाहन को पकड़ लिया और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार घायल का पैर फ्रैक्चर हुआ है और उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
