महाराजगंज महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, गंदगी और सुविधा शुल्क की शिकायत पर भड़की राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष
जी न्यूज़ घुघली

महराजगंज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने बुधवार शाम महाराजगंज के जिला महिला अस्पताल और मातृ शिशु अस्पताल (एमसीएच विंग) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंदगी और स्टाफ नर्सों द्वारा मरीजों से सुविधा शुल्क वसूलने की शिकायतें सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने महिला वार्ड और इमरजेंसी कक्ष का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
मरीजों और उनके परिजनों ने स्टाफ नर्सों द्वारा सुविधा शुल्क वसूलने की शिकायत की, जिस पर उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित स्टाफ को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि ऐसी शिकायतें दोबारा मिलीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मातृ शिशु अस्पताल (एमसीएच विंग) में गंदगी मिलने पर भी उन्होंने असंतोष जताया और तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वार्ड और शौचालयों में पाई गई कमियों को तुरंत दुरुस्त कराने के लिए उन्होंने सीएमएस को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की समस्याएं भी सुनीं और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं से संबंधित सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं उनका लाभ उठा सकें।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके द्विवेदी, चिकित्साधिकारी डॉ. एबी त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।