Uncategorized

सिसवा शुगर मिल ने किसानों को भेजा 9.64 करोड़ का गन्ना मूल्य

जी न्यूज़ घुघली
महराजगंज। सिसवा आईपीएल शुगर मिल ने पेराई सत्र 2025-26 के तहत किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान करना शुरू कर दिया है। मिल प्रबंधन की ओर से 9.64 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे गए हैं।

मिल के यूनिट हेड संदीप पंवार ने बताया कि यह भुगतान 18 फरवरी से 1 मार्च 2026 के बीच खरीदे गए लगभग 2 लाख 42 हजार क्विंटल गन्ने के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि भेजी गई राशि शीघ्र ही किसानों के बैंक खातों में पहुंच जाएगी।

गन्ना विभागाध्यक्ष धीरज सिंह ने किसानों से चीनी मिल को साफ और ताजा गन्ना आपूर्ति करने की अपील की है। साथ ही आगामी बसंतकालीन गन्ना बुवाई को देखते हुए किसानों को उन्नत प्रजातियों जैसे को. 0118, कोशा. 13235, कोलख. 14201, को. 15023 और कोलख. 16202 के ‘ बीज अभी से आरक्षित कराने की सलाह दी है, ताकि फरवरी-मार्च की बुवाई के दौरान बीज की कमी न हो।

गन्ना प्रबंधक अरविंद कुमार सिंह ने किसानों को अज्ञात गन्ना प्रजातियों की बुवाई से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान चीनी मिल के गन्ना विभाग और गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर केवल उन्नतशील प्रजातियों की ही बुवाई करें, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में गन्ना बुवाई ट्रेंच और रिंग पिट विधि से करने पर जोर दिया जा रहा है। इस विधि से श्रमिकों पर निर्भरता कम होती है और उत्पादन भी बेहतर मिलता है।

साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि चीनी मिल में शुगर केन हार्वेस्टर भी आ गया है, जिसके माध्यम से मिल क्षेत्र में गन्ने की कटाई की जा रही है। हार्वेस्टर के सफल संचालन के लिए ट्रेंच विधि से बुवाई जरूरी है। इसलिए किसानों से अधिक से अधिक क्षेत्र में इसी विधि से बसंतकालीन गन्ना बुवाई करने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button