घुसकुरी-बगौझर में बॉक्स कलवर्ट निर्माण को हरी झंडी, 12.56 लाख की पहली किस्त जारी
जी न्यूज 7 अंकित दूबे

बदलापुर (जौनपुर)। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को एक और बड़ी सौगात मिली है। विकास खंड महराजगंज अंतर्गत ग्राम घुसकुरी व बगौझर चौहान बस्ती स्थित नाले पर बॉक्स कलवर्ट, पहुँच मार्ग एवं अतिरिक्त पहुँच मार्ग निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस परियोजना के लिए स्थानीय विधायक रमेश मिश्रा के प्रयासों को अहम माना जा रहा है।
इस निर्माण कार्य की कुल लागत 62 लाख 78 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जिसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 12 लाख 56 हजार रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। धनराशि जारी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, खासकर बरसात के समय आने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए विधायक रमेश मिश्रा, उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है।