Uncategorized

तेज रफ्तार डंपर का कहर: पत्नी के सामने युवक को कुचलकर मौत, चालक फरार

महराजगंज,जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना खंडी मुख्य चौराहे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार डंपर ने एक व्यक्ति को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान हरखपूरा टोला मथौली निवासी 35 वर्षीय रामबचन साहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामबचन अपनी पत्नी सुनीता के साथ पुरैना चौराहे पर कपड़ा खरीदने आए थे। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही रामबचन मद्धेशिया किराना स्टोर के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी यह मंजर देखकर बेसुध हो गईं।
हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। घबराया चालक कुछ दूरी पर डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसआई राकेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
जी न्यूज़ घुघली

Related Articles

Back to top button