Uncategorized

टेलीग्राम पर ‘पैसा दोगुना’ का झांसा, महराजगंज पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़

महराजगंज । साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महराजगंज पुलिस ने टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को ‘पैसा दोगुना-तिगुना’ करने का लालच देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच शातिर अभियुक्तों के साथ एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के चार अन्य सदस्य अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर साइबर क्राइम थाना ने “प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट” अभियान के तहत यह कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए लोगों को कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देता था और फिर उनसे ठगी करता था। इसी तरह आगरा निवासी एक व्यक्ति से करीब 7 लाख रुपये की ठगी की गई थी।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य सरगना रवि प्रताप सिंह भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, वह स्थानीय लोगों और जनसेवा केंद्र संचालकों को लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था। खाताधारकों को प्रत्येक लेनदेन पर 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन देने का प्रलोभन दिया जाता था। ठगी की रकम इन खातों में मंगवाई जाती थी और बाद में एटीएम और चेक के माध्यम से निकाल ली जाती थी।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह फर्जी आधार कार्ड बनवाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था, जिससे ठगी के पैसों को ट्रैक करना मुश्किल हो सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 7 एटीएम कार्ड, 4 बैंक पासबुक सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
जी न्यूज़ घुघली

Related Articles

Back to top button