Uncategorized

गोरखपुर जोन की अन्तरजनपदीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का कुशीनगर में शुभारंभ

कुशीनगर। जनपद के जिला स्टेडियम में शनिवार को गोरखपुर जोन की “अन्तर्जनपदीय फुटबॉल (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता 2026” का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर किया। इस दौरान गोरखपुर जोन के विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ियों और अधिकारियों की मौजूदगी से स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न जिलों से आई टीमों के खिलाड़ियों के फ्लैग मार्च की सलामी ली तथा प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि टीम भावना और अनुशासन भी सिखाते हैं।
तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 09 मई से 11 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन के गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, संतकबीरनगर, गोण्डा, सिद्धार्थनगर, बस्ती और बहराइच सहित कुल नौ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता की मेजबानी कुशीनगर पुलिस द्वारा की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक मनोज कुमार, यातायात प्रभारी निरीक्षक अश्विनी राय, पीआरओ उपेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button