Uncategorized

खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाए तीन मासूम, ईंट भट्ठे पर पसरा मातम

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर ग्रामसभा के दीनापट्टी टोला स्थित एक ईंट भट्ठे पर शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे भट्ठा परिसर में चीख-पुकार मच गई और मजदूर परिवारों में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि दीनापट्टी स्थित पंकज ईंट उद्योग पर छत्तीसगढ़ से आए कई मजदूर परिवार काम करते हैं। शनिवार सुबह मजदूर अपने काम में जुटे थे, जबकि उनके बच्चे आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान अभय (3 वर्ष), अनन्या (7 वर्ष) और अनुष्का (ढाई वर्ष) खेलते-खेलते उस गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए, जहां ईंट निर्माण के लिए मिट्टी निकाले जाने के बाद बरसात का पानी जमा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेल के दौरान चार बच्चे अचानक पानी में जा गिरे। इनमें से एक बच्ची किसी तरह बाहर निकल आई और रोते हुए परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मजदूर और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े। काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया।
गंभीर हालत में बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्चों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों की आंखें भी नम हो गईं।
सूचना मिलने पर कसया पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हल्का दरोगा वरुणेश उपाध्याय ने बताया कि खेलते समय बच्चे पानी भरे गड्ढे में गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button