Uncategorized

शादी की खुशियां बनीं मातम: जयमाल से पहले भिड़े घराती-बाराती, दूल्हे समेत चार घायल

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के तुरकहा गांव में एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया, जब घराती और बारातियों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते शादी का मंडप रणभूमि में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान दूल्हे समेत चार लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बारात के स्वागत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। पहले बहस हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि दूल्हे ने शादी करने से इनकार करते हुए बारात वापस ले जाने की बात कह दी। दूल्हे की इस बात से घराती पक्ष नाराज हो गया और माहौल अचानक तनावपूर्ण हो उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे व घूंसे चलने लगे। शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। महिलाएं और बच्चे डर के कारण मौके से हट गए। मारपीट में दूल्हे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। घायलों को पहले कप्तानगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button