सेंट जेवियर्स सेकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे
राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर


कप्तानगंज, कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के कप्तानगंज स्थित सेंट जेवियर्स सेकेंडरी स्कूल में रविवार को मदर्स डे बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। बच्चों ने गीत, कविता, नृत्य एवं भाषण के माध्यम से मां के त्याग, ममता और समर्पण को दर्शाया। इस दौरान कई भावुक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि मां बच्चों की पहली गुरु होती हैं और उनके योगदान को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मदर्स डे जैसे आयोजन बच्चों को अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और संस्कार सिखाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं दीं।